सचिवालय में गाड़ी से उतरकर सीएम धामी ने सुनी बुजुर्ग महिला की पीड़ा, प्रमुख सचिव को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
वीवीआईपी प्रोटोकॉल छोड़ बुजुर्ग महिला के पास पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी, मौके पर ही किया समस्या का निस्तारण
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का एक बार फिर संवेदनशील और सहज रूप देखने को मिला है। अपनी व्यस्त दिनचर्या और वीवीआईपी प्रोटोकॉल की परवाह न करते हुए मुख्यमंत्री ने सचिवालय परिसर में एक बुजुर्ग महिला की फरियाद सुनने के लिए न सिर्फ अपनी गाड़ी रुकवाई, बल्कि खुद खड़े होकर उनका प्रार्थना पत्र लिया और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
दरअसल, मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करने के बाद मुख्यमंत्री आवास के लिए प्रस्थान कर रहे थे। वे जैसे ही अपने वाहन में बैठे, तभी एक बुजुर्ग महिला अपनी गंभीर समस्या लेकर वहां पहुंची। वहां मौजूद वरिष्ठ पत्रकार एसपी अरोड़ा ने मुख्यमंत्री से अनुरोध करते हुए उस बेबस महिला को उनसे मिलवाया।
महिला की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री धामी ने तुरंत सहृदयता दिखाई। उन्होंने वाहन की सीट से खड़े होकर अत्यंत आदरपूर्वक महिला का पत्र स्वीकार किया और धैर्य के साथ उनकी पूरी बात सुनी। मुख्यमंत्री ने न सिर्फ बुजुर्ग महिला को ढांढस बंधाया और समस्या के त्वरित समाधान का भरोसा दिया, बल्कि मौके पर ही मौजूद प्रमुख सचिव डॉ. आर. के. सुधांशु को इस मामले में तत्काल कड़े कदम उठाने और प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश जारी किए।
सचिवालय परिसर में मौजूद अधिकारियों और नागरिकों ने मुख्यमंत्री के इस त्वरित और संवेदनशील कदम की सराहना की। राष्ट्रीय फलक पर अपनी कार्यशैली से पहचान बना रहे मुख्यमंत्री धामी ने एक बार फिर यह साबित किया कि जन सरोकार और आम जनता की समस्याएं उनके लिए सर्वोपरि हैं।




Recent Comments