Wednesday, June 3, 2026
HomeTrending Nowनरकोटा के पास वाहन दुर्घटना में पांच घायल ,मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी...

नरकोटा के पास वाहन दुर्घटना में पांच घायल ,मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी गिनाई एनएच की खामियां

(देवेन्द्र चमोली)

रुद्रप्रयाग – जनपद मुख्यालय से लगभग पांच किलोमीटर दूर ऋषिकेश – बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर नरकोटा के समीप दोपहर एक आर्मी ट्रक और कार के बीच हुई टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया और एनएच को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

जिला प्रशासन व स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को लगभग 12 बजे बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आर्मी ट्रक और एक कार के बीच टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय प्रशासन, पुलिस एवं संबंधित विभागों की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य संचालित किया गया।

 

दुर्घटना के कारणों एवं सड़क की स्थिति का जायजा लेने जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दुर्घटना स्थल के आसपास सड़क पर आए मलबे को तत्काल हटाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने नरकोटा क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल के लिए सड़क किनारे रखी गई निर्माण सामग्री को भी तत्काल हटाने के निर्देश दिए, जिससे यातायात बाधित न हो और दुर्घटनाओं की संभावना कम की जा सके।

जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों को मलबा हटाकर सड़क के प्रभावित हिस्से का चौड़ीकरण करने तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े आवश्यक उपाय शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों एवं स्थानीय लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सड़क पर किसी भी प्रकार की बाधा को तत्काल दूर किया जाना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, एआरटीओ धर्मेंद्र सिंह बिष्ट, तहसीलदार जगदीश सिंह नेगी सहित राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments