Thursday, May 7, 2026
HomeStatesUttarakhandयुवक की पिटाई का वीडियो वायरल, प्रेमनगर क्षेत्र की एक निजी यूनिवर्सिटी...

युवक की पिटाई का वीडियो वायरल, प्रेमनगर क्षेत्र की एक निजी यूनिवर्सिटी के बाहर हुई घटना, दरोगा और सिपाही लाइन हाजिर

देहरादून, जनपद के थाना प्रेमनगर क्षेत्र में स्थित एक यूनिवर्सिटी में युवा फेस्ट के दौरान पुलिस और युवक के बीच हुये विवाद ने तूल पकड़ लिया।

मीडिया जानकारी के मुताबक छात्रों की भीड़ हटाने पहुंची पुलिस के साथ युवक की बहस हो गई, जिसके बाद पुलिस ने युवक को पकड़कर कथित तौर पर जमकर लाठीचार्ज किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, यूनिवर्सिटी में 26 अप्रैल को एक फेस्ट आयोजित होना था, लेकिन यूनिवर्सिटी में प्रस्तावित कार्यक्रम की अनुमति पुलिस द्वारा नहीं दी गई, जिसकी खबरें भी कई दिन पहले ही न्यूज और सोशल मीडिया पर आ गई थी। लेकिन उसके बाद भी शुक्रवार को बड़ी संख्या में छात्र एकत्र हो गए थे, जिससे इलाके में जाम की स्थिति बन गई।

 

जाम की लगातार शिकायत मिलने पर प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को वाहन हटाने के निर्देश दिए। इसी दौरान एक युवक पुलिसकर्मियों से उलझ गया और बहस करने लगा। सोशल मीडिया पर वायरल हुये वीडियो के मुताबिक, पुलिस द्वारा पकड़ने की कोशिश पर युवक भागने लगा, लेकिन कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया गया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे जमीन पर गिराकर डंडों से पीटा, जिससे वह बेहोश हो गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया।

वहीं वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई की। घटना में शामिल एक दरोगा और एक सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामले की जांच एक राजपत्रित अधिकारी को सौंपी गई है। निजी यूनिवर्सिटी में हुई इस घटना ने पुलिस प्रशासन और यूनिवर्सिटी की भी कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।अगर कार्यक्रम की अनुमति नहीं थी तो छात्र बड़ी संख्या में गेट पर क्यों पहुंचे। सवाल उठ रहे हैं कि यूनिवर्सिटी द्वारा समय पर छात्रों को कार्यक्रम न होने की जानकारी नहीं दी गई,जिसके चलते छात्र वहां पहुंचे। अब पुलिस जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा कि आखिर छात्र पर इस तरह की कार्यवाही उचित थी ।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments