Friday, April 24, 2026
HomeStatesUttarakhandगुलदार के हमले में बुजुर्ग महिला की मौत

गुलदार के हमले में बुजुर्ग महिला की मौत

श्रीनगर गढ़वाल।  जिला मुख्यालय से सटे जीआईसी क्यार्क के समीप बमठी गांव में एक बुजुर्ग को घात लगाए गुलदार ने मार डाला। बुजुर्ग घर से लगे खेतों में भैंस के लिए घास लेने गई थी। घटना बृहस्पतिवार सुबह की है, इससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया। उन्होंने वन विभाग के अफसरों का घेराव कर गुलदार को मारने की मांग उठाई। गढ़वाल वन प्रभाग के पौड़ी रेंज नागदेव के समीप बमठी गांव के बृहस्पतिवार को घर से महज दो खेत नीचे खेत में घास लेने गई बुजुर्ग सीता देवी (72) पर घात लगाए गुलदार ने हमला कर मार डाला। गुलदार बुजुर्ग को घसीटता हुआ सौ मीटर नीचे घनी झाड़ियों के बीच ले गया। कुछ देर तक जब बुजुर्ग नहीं लौटी तो पति सुरेंद्र दत्त रतूड़ी ने आवाज दी और तलाश शुरू की। खेत में बुजुर्ग की चप्पल और दरांती देख उन्होंने अन्य लोगों के साथ खोज की। तभी अधखाया शव झाड़ियों के बीच बरामद हुआ।  घटना क्षेत्र में तेजी से फैल गई और बमठी गांव में लोग जमा हो  गए। सूचना पर वन, पुलिस, राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आक्रोशित लोगों ने वन विभाग के अफसरों का घेराव कर दिया। उन्होंने गुलदार को आदमखोर घोषित करते हुए शीघ्र मारने की मांग उठाई। कहा गुलदार को मारने के बाद ही बुजुर्ग की अंत्येष्टी की जाएगी। बीते करीब डेढ माह पहले ही इसी गांव के समीप बाड़ा गांव में गुलदार ने एक नेपाली मजदूर पर हमला कर उसे मार डाला था।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments