रुद्रप्रयाग। अनूप नेगी मैमोरियल पब्लिक स्कूल गुलाबराय रुद्रप्रयाग का तीन दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव का सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ शुभारंभ हो गया। रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी ने रिबन काटकर खेल महोत्सव का उद्घाटन किया। इस मौके पर स्कूल के नर्सरी, यूकेजी से लेकर इंटर तक के सभी छात्र-छात्राएं विभिन्न खेलों में प्रतिभाग कर रहे हैं। मुख्यालय स्थित गुलाबराय मैदान में बुधवार को शुरू हुए खेल महोत्सव में मुख्य अतिथि विधायक भरत सिंह चौधरी ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है। छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के साथ खेल में प्रतिभाग करना चाहिए। यह शाररिक रूप से स्वस्थ रखता ही है साथ ही खेल से मानसिक लाभ भी मिलता है। हमें अपने जीवन में नियमित खेल को सुचारु रखना चाहिए। आज के मोबाइल के दौर में बच्चे खेल से विमुख हो रहे हैं यह चिंतनीय है। नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल जरूरी है। विद्यालय हित के लिए नगर पालिका हर संभव प्रयास करेगी। मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रमेंद्र बिष्ट ने कहा कि शिक्षा के अलावा खेलों का आयोजन भी अत्यंत आवश्यक है इससे छात्रों का चहुंमुखी विकास होता है। विद्यालय के निदेशक आलोक नेगी ने कहा कि हमारा सपना है कि स्कूल के बच्चे शिक्षा में तो बेहतर प्रदर्शन करें ही साथ ही खेल में भी अपना जौहर दिखाएं और प्रदेश में खूब नाम कमाएं। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक खेल महोत्सव की शुभकामनाएं दी और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डीएस रावत एवं प्रबंधक सच्चिदानंद देवली ने कहा कि विद्यालय प्रशासन का प्रयास रहता है कि हर साल खेल महोत्सव का आयोजन किया जाए ताकि छात्र-छात्राओं का सर्वागींण विकास हो। नर्सरी, यूकेजी के बच्चों का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा। खेल महोत्सव का संचालन शिक्षका सुमन देवली एवं चन्द्रलेखा जगवाण ने किया। इस मौके पर प्रबंधक सच्चिदानंद देवली, उप प्रधानाचार्य मीना भारती, विमल नेगी सहित सभी शिक्षक, छात्र एवं कर्मचारी मौजूद थे।



Recent Comments