Thursday, June 4, 2026
HomeStatesUttarakhandखेल महाकुंभ के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां शुरू

खेल महाकुंभ के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां शुरू

रुद्रप्रयाग- खेल महाकुंभ-2025 के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की गहन समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि खेल महाकुंभ-2025 के अंतर्गत अंडर-14, अंडर-19 तथा दिव्यांगजन वर्ग में विभिन्न खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जानी हैं, जिसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने हेतु सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस महत्त्वपूर्ण खेल आयोजन में शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल एवं पुलिस विभाग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खेल महाकुंभ का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताओं का आयोजन नहीं, बल्कि जनपद में खेलों का सकारात्मक वातावरण तैयार करना, युवाओं एवं दिव्यांगजनों को खेलों के प्रति प्रेरित करना, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करना तथा युवाओं को नशे जैसी बुरी प्रवृत्तियों से दूर रखते हुए नशामुक्त उत्तराखण्ड एवं रुद्रप्रयाग की दिशा में सार्थक प्रयास करना है।

 

उन्होंने बताया कि खेल महाकुंभ-2025 के माध्यम से फिट इंडिया मूवमेंट को ग्राम पंचायत स्तर तक प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया जाएगा, जिससे सभी आयु वर्ग के लोगों में शारीरिक सुदृढ़ता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। मुख्य विकास अधिकारी ने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन द्वारा आयोजन को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा तथा आयोजन से जुड़े सभी कार्मिकों को शुभकामनाएं दीं।

 

बैठक में इससे पूर्व जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी द्वारा पीपीटी के माध्यम से खेल महाकुंभ-2025 के उद्देश्यों, खेल विधाओं, आयोजन के विभिन्न स्तरों, तकनीकी समितियों की भूमिका, पंजीकरण प्रक्रिया, आयोजन की समय-सारिणी तथा अन्य विभागों की जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने अधिकारियों से आयोजन को और बेहतर बनाने हेतु सुझाव भी आमंत्रित किए।

जिला युवा कल्याण अधिकारी ने बताया कि खेल महाकुंभ-2025 के सफल संपादन हेतु सभी विभागीय तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि खेल महाकुंभ-2025 का शुभांकर ‘ध्रुव’ (मस्क डियर) रखा गया है। प्रतियोगिताओं का आयोजन न्याय पंचायत स्तर, विधानसभा स्तर, संसदीय क्षेत्र स्तर एवं राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री ट्रॉफी पर किया जाएगा।न्याय पंचायत, विधानसभा, सांसद एवं राज्य स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन 20 दिसंबर 25 से किये जाने हेतु शासन स्तर से निर्देश प्राप्त हुए हैं।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रकाश, मुख्य शिक्षा अधिकारी पी के बिष्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, खंड विकास अधिकारी ऊखीमठ अनुष्का, खंड विकास अधिकारी अगस्त्यमुनि सुरेश शाह, पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर, खंड शिक्षा अधिकारी जखोली तनुजा देवराड़ी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments