Friday, May 3, 2024
HomeNationalराज्यसभा में आठ राज्यों से पहुँचे 41 उम्मीदवार, कांग्रेस के पी चिदंबरम...

राज्यसभा में आठ राज्यों से पहुँचे 41 उम्मीदवार, कांग्रेस के पी चिदंबरम और कपिल सिब्बल भी हुये निर्वाचित

नई दिल्ली, राज्यसभा में उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब एवं तमिलनाडु से 41 उम्मीदवार राज्यसभा पहुंचे हैं। कांग्रेस के दिग्गज पी चिदंबरम के साथ गांधी परिवार से बगावत करने वाले कपिल सिब्बल राज्यसभा में बगैर चुनाव के पहुंच गए हैं। उनके साथ ही राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने वाले 41 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए, इनमें भाजपा, कांग्रेस, आप, रालोद, सपा, झामुमो, द्रमुक, अन्नाद्रमुक एवं वाईएसआर कांग्रेस पार्टियों के अलावा एक निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं। इनमें सबसे ज्यादा नेता उत्तर प्रदेश से हैं।

उत्तर प्रदेश से भाजपा के आठ सदस्यों सहित 11 सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं। बीजेपी से डॉ. के. लक्ष्मण, मिथिलेश कुमार, बाबूराम निषाद, संगीता यादव. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल, सुरेंद्र नागर व दर्शन सिंह हैं। कपिल सिब्बल और रालोद के अध्यक्ष जयंत चौधरी सपा के समर्थन से जीते हैं। सपा के जावेद अली भी निर्विरोध जीत गए हैं।

बिहार से राज्यसभा की पांचों सीटों के लिए जदयू, भाजपा और राजद के प्रत्याशी शुकवार को निर्विरोध निर्वाचित हो गए। जदयू प्रत्याशी खीरू महतो, भाजपा उम्मीदवार सतीश चंद्र दूबे व शंभू शरण पटेल जबकि राजद प्रत्याशी मीसा भारती और डॉ. फैयाज अहमद को विजयी घोषित कर दिया गया।

पंजाब से आप के टिकट पर पर्यावरणविद बलबीर सिंह सीचेवाल और विक्रमजीत सिंह साहनी को निर्विरोध चुन लिया गया है। कांग्रेस के विवेक तन्खा, भाजपा की कविता पाटीदार और सुमित्रा वाल्मीकि को मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है। जबकि झारखंड मुक्ति मोर्चा की महुआ माजी और भाजपा के आदित्य साहू को झारखंड से निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। माजी और साहू की संसद के उच्च सदन में यह पहली पारी होगी।

 

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के उम्मीदवार राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन शुक्रवार को राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुन लिए गए। राजीव शुक्ला इससे पहले तीन बार राज्यसभा सांसद रह चुके हैं। रंजीत रंजन बिहार से पूर्व लोकसभा सांसद हैं। उनके चुने जाने के बाद राज्य से तीन महिला राज्यसभा सदस्य हो गई हैं।

तमिलनाडु से नामांकन दाखिल करने वाले सभी छह उम्मीदवारों को निर्विरोध चुना गया है। इनमें द्रमुक के केएस कल्याणसुंदरम, आर गिरिराजन और केआरएन राजेश कुमार, अन्नाद्रमुक के सीवी शनमुगम और आर धर्मर व कांग्रेस के उम्मीदवार पी. चिदंबरम शामिल हैं। उत्तराखंड से भाजपा नेता डॉ. कल्पना सैनी राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हो गई हैं। जबकि आंध्र प्रदेश से वाईएसआरसी के चार प्रत्याशी जीते हैं। इनमें वी. विजयसाई रेड्डी, बी. मस्तान राव, आर. कृष्णैया और एस. निरंजन रेड्डी शामिल हैं। राज्यसभा में अब वाईएसआर कांग्रेस के सदस्यों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments