देहरादून। शैलेश तिवारी, उप परिवहन आयुक्त के नेतृत्व में बुधवार को लीड एजेन्सी के अधिकारियों द्वारा पटेल नगर क्षेत्र में घटित बस दुर्घटना का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय लीड एजेन्सी के नरेश संगल, सहायक निदेशक परिवहन अविनाश चौधरी, सहायक निदेशक, पुलिस रत्नाकर सिंह, सहा संभागीय परिवहन अधिकारी, प्रवर्तन, देहरादून अरविन्द यादव, सम्भागीय निरीक्षक, देहरादून, सुमित ढुल, टीम लीडर-जेपी आरआई के अतिरिक्त ओमवीर सिंह एवं प्रवीण पुण्डीर, उपनिरीक्षक, पुलिस विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
बता दें कि 23 जून को राजपुर-आईएसबीटी मार्ग पर सिटी बस संख्या यूके 07पीए-0287 के चालक द्वारा पटेल नगर थाने के निकट सड़क पर विश्राम कर रहे व्यक्तियों / श्रमिकों को कुचला गया था। इस घटना में 02 व्यक्तियों की मृत्यु हुई, जबकि 04 व्यक्ति घायल है, जिनका नजदीकी अस्पताल में उपचार चल रहा है। जांच दल द्वारा प्रारम्भिक सूचनाएं एकत्रित की गई है, जिसके आधार पर आगे की जांच की जा रही है।
दुर्घटना स्थल के समीप हल्का टर्न है, जहां पर चालक वाहन पर नियन्त्रण नहीं रख पाया और मुख्य मार्ग को छोड़कर फुटपाथ पर चला गया और दुर्घटना घटित हुई। दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है साथ ही चालक की मेडिकल हिस्ट्री की जानकारी भी जुटायी जा रही है। प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार जिस स्थान पर यह घटना घटी, उस स्थान पर प्रतिदिन काफी संख्या में श्रमिक एकत्रित होते हैं और यहीं से आवश्यकतानुसार उन्हें दिहाड़ी पर कार्य के लिये ले जाया जाता है। देहरादून शहर में इसी प्रकार के अन्य स्थल घण्टाघर, रिस्पना, कांवली रोड आदि भी है, जहां प्रतिदिन काफी संख्या में श्रमिक सड़क पर ही एकत्रित होकर अपने लिए कार्य की तलाश करते हैं। अतः उचित होगा कि उक्त श्रमिकों के लिए कोई ऐसा शेडयुक्त आहता अथवा परिसर निर्धारित कर दिया जाए, जहां ये सुरक्षित रहकर प्रतीक्षा कर सकें। साथ ही जांच दल का मत है कि सभी सिटी बसों की गहन तकनीकी जांच कराया जाना और उनके चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण अभियान के रूप में कराया जाना उचित होगा, ताकि इस प्रकार की घटनाओं का रोका जा सके। इसके अतिरिक्त जॉच दल द्वारा चालकों को पैदल यात्रियों के प्रति संवेदनशील बनाये जाने के उद्देश्य से सेन्सेटाईजेशन कार्यक्रम भी चलाये जाने की संस्तुति पर विचार किया जा रहा है। प्रदीप बत्रा, परिवहन मंत्री द्वारा दुर्घटना में मृतक श्रमिकों एवं घायलों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए, दुर्घटना में प्रभावित व्यक्तियों को तत्काल दुर्घटना राहत निधि वितरित कराने के निर्देश दिये हैं।




Recent Comments