Friday, June 20, 2025
Home Blog Page 119

2025 में तेजी से बढ़ेगी भारतीय अर्थव्यवस्था, बेहतर रहेंगे तीसरी तिमाही के नतीजे!

0

नई दिल्ली। वर्ष 2025 की शुरुआत के साथ ही अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यभार संभालने से पहले दुनिया में अस्थिरता की स्थिति बनी हुई है, लेकिन, चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के हाई फ्रीक्वेंसी इंडिकेटर्स के मुताबिक, भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। यह जानकारी गुरुवार को जारी एक रिपोर्ट में दी गई।
बैंक ऑफ बड़ौदा की रिपोर्ट में बताया गया कि जीएसटी संग्रह, सर्विस परचेसिंग मैनेजर्स इंडेक्स (पीएमआई), एयर पैसेंजर ग्रोथ और वाहनों का पंजीकरण में वित्त वर्ष 25 की दूसरी तिमाही की तुलना में वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में मजबूत वद्धि देखने को मिली है। वहीं, दूसरी तरफ चीन के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की रफ्तार धीमी होती जा रही है और प्रशासन के लिए घरेलू खपत बढ़ाना और रियल एस्टेट सेक्टर को फिर से वृद्धि की ओर ले जाना एक चुनौती बन गया है।
अमेरिकी अर्थव्यवस्था विकास के बारे में मिश्रित संकेत दे रही है। श्रम बाजार में नरमी दिख रही है और मैन्युफैक्चरिंग गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं। खुदरा बिक्री, आवास बिक्री और सेवा क्षेत्र अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। यूरोप में मैन्युफैक्चरिंग गतिविधियों ने अभी तक गति नहीं पकड़ी है। वहीं सेवा क्षेत्र फिर से अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है।
भारत में चालू खाता घाटा (सीएडी) वित्त वर्ष 2025 की दूसरी तिमाही में जीडीपी का 1.2 प्रतिशत तक कम हो गया, जबकि वित्त वर्ष 2024 की दूसरी तिमाही में यह जीडीपी के 1.3 प्रतिशत के बराबर था।
बैंक ऑफ बड़ौदा की अर्थशास्त्री सोनल बधान ने कहा,  पिछले वर्ष व्यापार घाटा अधिक था, सेवाओं के निर्यात में तेजी के साथ-साथ रेमिटेंस में निरंतर मजबूती ने चालू खाते घाटे को कम किया है। हमारे साल के अंत के बाजार विश्लेषण से पता चलता है कि सेंसेक्स और निफ्टी 50 दोनों ने कैलेंडर वर्ष 24 में 8.7 प्रतिशत और 9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की। सेंसेक्स ने इस साल का नया ऑल टाइम हाई बनाया और 85,500 का आंकड़ा पार कर गया।
2024 में रियल एस्टेट, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और आईटी का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा। इस दौरान भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले 2.8 प्रतिशत घटा, लेकिन इसका प्रदर्शन बाकी अन्य विदेशी मुद्राओं के मुकाबले काफी अच्छा था।
रिपोर्ट के अनुसार, हाई फ्रीक्वेंसी इंडिकेटर्स ने अक्टूबर-दिसंबर 2024 की अवधि में मजबूत सुधार दिखाया है। जीएसटी संग्रह तीसरी तिमाही में 8.3 प्रतिशत (सालाना आधार पर) बढक़र 5.5 लाख करोड़ रुपये हो गया है, और यह दूसरी तिमाही के 5.3 लाख करोड़ रुपये से भी अधिक है, जो उपभोग पैटर्न में और सुधार का संकेत देता है।
इसके अलावा त्योहारी मांग के कारण शहरी उपभोग के अन्य संकेतकों में भी सुधार हुआ है। हवाई यात्रा में तीसरी तिमाही में 11.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि दूसरी तिमाही में यह 7.8 प्रतिशत थी। सेवा पीएमआई तीसरी तिमाही में 59.2 रही, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 58.1 थी।
बधान ने कहा, हमें उम्मीद है कि कॉर्पोरेट्स के नतीजे भी तीसरी तिमाही में बेहतर रहने की उम्मीद है।
रिपोर्ट में आगे कहा गया कि दूसरी छमाही में सरकारी खर्च में तेजी आने और उसके बाद सरकारी और निजी निवेश दोनों में सुधार की उम्मीद से आईआईपी वृद्धि वित्त वर्ष 2025 की पहली छमाही की तुलना में दूसरी छमाही में बेहतर रहेगी।

शुभांकर मौली के साथ तीन प्रचार रथ पहुंचे बागेश्वर

0

बागेश्वर(आरएनएस)।38वें राष्ट्रीय खेलों का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार के लिए शुभंकर मौली के साथ तीन प्रचार रथ बागेश्वर पहुंचे। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रचार रथ आज से पांच जनवरी तक जिले के तीनों विकास खंडों में जाकर प्रमुख स्थानों एवं शहर की मुख्य सड़कों और बाजार में घूमकर लोगों को राष्ट्रीय खेल से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगा। राष्ट्रीय खेलों की मशाल तेजस्विनी छह जनवरी को बागेश्वर पहुंचेगी। शुक्रवार को जिलाधिकारी ने खेल विभाग के इंडोर स्टेडियम परिसर से तीनों प्रचार रथों को रवाना करते हुए सभी को राष्ट्रीय खेलों के आयोजन को लेकर शुभकामनाएं दी। तथा अधिक से अधिक लोगों को राष्ट्रीय खेलों से जुड़ने का आवाह्न किया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश को राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी मिलने से यहां के युवा खिलाड़ियों को सीखने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने नए मतदाता बनने पर लोगों को मतदाता की शपथ दिलाई। इस दौरान प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी किरन नेगी, जिला युवा कल्याण अधिकारी अर्जुन रावत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

क्या है…? चंदन गुप्ता केस : 6 साल का इंतजार, 28 दोषी करार

0

नई दिल्ली, कासगंज के चर्चित चंदन गुप्ता हत्याकांड मामले में गुरुवार को लखनऊ की एनआईए स्पेशल कोर्ट ने चंदन गुप्ता हत्या मामले 28 आरोपियों को दोषी करार दिया दिया था, जबकि दो आरोपियों को बरी किया था।
दरअसल, उत्तर प्रदेश के कासगंज में 26 जनवरी 2018 को तिरंगा यात्रा निकाली गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 26 जनवरी 2018 की सुबह जब यात्रा निकाली गई तो चंदन गुप्ता अपने भाई विवेक गुप्ता और अन्य साथियों के साथ था।
जैसे ही यह तिरंगा यात्रा कासगंज के तहसील रोड पर स्थित जीजीआईसी गेट के पास पहुंची तो सलीम, वसीम, नसीम और अन्य लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया था। हालांकि, जब चंदन की ओर से जुलूस रोकने पर आपत्ति दर्ज कराई गई तो मौके पर हालात बिगड़ गए और आरोपियों के समूह ने उन पर पथराव कर दिया।
यही नहीं, जुलूस के दौरान फायरिंग भी की गई। मुख्य आरोपियों में से एक सलीम ने चंदन गुप्ता पर गोली चलाई गई थी, जिसके बाद वह घायल हो गया। घटना के बाद चंदन का भाई और अन्य साथी उसे कासगंज थाना लेकर गए थे, जहां से उसे तुरंत ही अस्पताल ले जाया गया, मगर गोली लगने के कारण चंदन की मौत हो गई थी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी वसीम, नसीम, सलीम के साथ 100 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया था। हालांकि, कई लोगों को बाद में छोड़ दिया गया था। चंदन के पिता ने करीब छह साल तक कानूनी लड़ाई लड़ी।
इससे पहले आरोपियों ने हाई कोर्ट में एनआईए कोर्ट की वैधानिकता और सुनवाई पर रोक लगाने की याचिका दाखिल की थी। जिसे इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच ने खारिज कर दिया था। हाई कोर्ट से याचिका खारिज होने के बाद गुरुवार को लखनऊ की एनआईए स्पेशल कोर्ट ने 28 आरोपियों को दोषी करार दिया है।

मेडल हो चाहे स्टेशनरी हर चीज ई वेस्ट से तैयार : रेखा आर्या

0

-खेल मंत्री ने ई वेस्ट से तैयार सभी सामान का निरीक्षण किया

-अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय खेलों की प्रगति समीक्षा बैठक भी की

देहरादून, आगामी 38वें राष्ट्रीय खेलों में चाहे खिलाड़ियों को दिए जाने मेडल हों या ट्रॉफी, या फिर स्टेशनरी, हर चीज ई वेस्ट से तैयार कर ली गई है। शुक्रवार को खेल मंत्री रेखा आर्या ने इन सभी चीजों का निरीक्षण किया और कुछ चीजों में सुधार के लिए निर्देश जारी किए। इसके अलावा अधिकारियों के साथ बैठक में राष्ट्रीय खेलों की तैयारी का जायजा भी लिया गया।
गौरतलब है कि प्रदेश में होने वाले राष्ट्रीय खेलों की थीम ग्रीन गेम्स रखी गई है और इसके लिए यह प्रयास किया जा रहा है कि खेलों के आयोजन के दौरान रीसाइकिल ई वेस्ट से बनी चीजों का ही इस्तेमाल हो। खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि खिलाड़ियों को दी जाने वाले मेडल, ट्रॉफी, मोमेंटो, शॉल, टोपी या फिर खेलों के दौरान इस्तेमाल किए जाने वाले कप, प्लेट, बर्तन, थर्मस आदि सभी चीजें ई वेस्ट से तैयार किए गए हैं । राष्ट्रीय खेलों के निमंत्रण पत्र भी ई वेस्ट के जरिए ही बनाए गए हैं । खेल मंत्री रेखा आर्या ने शुक्रवार को इनके प्रस्तावित मॉडलों का निरीक्षण किया और जिन चीजों में सुधार की जरूरत थी उसके निर्देश दिए। इसके पहले खेल मंत्री रेखा आर्या ने खेल सचिवालय में उच्च अधिकारियों की बैठक बुलाई और राष्ट्रीय खेलों को लेकर चल रही तैयारी की समीक्षा की। अधिकारियों ने खेल मंत्री को अवगत कराया कि राष्ट्रीय खेलों में सभी इवेंट्स में जिन उपकरणों की जरूरत है उनमें से कुछ पहुंच चुके हैं और बाकी सभी खेल सामग्रियां 10 जनवरी तक पहुंचने की उम्मीद है। खेल मंत्री ने आयोजन में सहयोग कर रहे दूसरे विभागों के साथ समन्वय टीम बनाकर काम करने के निर्देश भी दिये।
बैठक में विशेष खेल सचिव अमित सिन्हा, निदेशक खेल एवं युवा कल्याण प्रशांत आर्य समेत विभाग के आला अधिकारी उपस्थित रहे ।

राष्ट्रीय खेल हमारे लिए सौगात, रुकेगा खिलाड़ियों का पलायन

0

देहरादून . द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए चयनित कोच सुभाष राणा मानते हैं कि 38 वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी हमारे लिए किसी सौगात से कम नहीं है। इस आयोजन के दौरान खेलों के लिए इतना बड़ा आधारभूत ढांचा उत्तराखंड में तैयार हो जाएगा, कि खेल प्रतिभाओं को प्रशिक्षण के लिए बाहर नहीं जाना पडे़गा। स्थिति ऐसी बदलेगी कि अन्य प्रदेशों के खिलाड़ी प्रशिक्षण के लिए यहां आने शुरू हो जाएंगे। राणा का यह भी कहना है कि सुविधाओं के अभाव में खिलाड़ियों के अन्य प्रदेशों से खेलने पर भी रोक लग जाएगी। इस तरह से यह आयोजन खेल पलायन को भी रोकेगा। श्री राणा ने राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी को शुभकामनाएं भी दी।

द्रोणाचार्य पुरस्कार मिलने पर राणा का कहना है-जब आपके काम को मान्यता मिलती है, तो स्वाभाविक तौर पर उत्साह बढ़ता है और खुशी मिलती है। 38 वें राष्ट्रीय खेलों के लिए उत्तराखंड की मेजबानी को वह खेल विकास के लिए बहुत बडे़ अवसर के तौर पर देखते हैं। राणा के अनुसार-राष्ट्रीय खेल जहां भी होते हैं, वहां खेल का बड़ा आधारभूत ढांचा तैयार हो जाता है। इससे खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और निखरने का अवसर मिलता है। खेल का जो आधारभूत ढांचा उत्तराखंड में दस-बीस वर्षों बाद तैयार होना था, वह राष्ट्रीय खेलों की वजह से कुछ दिनों में ही तैयार मिलेगा। नई प्रतिभाओं को आगे आने में इससे बहुत लाभ मिलेगा। उत्तराखंड खेलों में नई ऊंचाइयां प्राप्त करेगा।

*उत्तराखंड से खेलने के लिए कर रहे संपर्क*
-विभिन्न खेलों में अन्य प्रदेशों का प्रतिनिधित्व कर रहे कई खिलाड़ी अब उत्तराखंड से खेलने के इच्छुक हैं। सुभाष राणा ने एक बातचीत में इस बात की पुष्टि की है। उत्तराखंड की शूटिंग फेडरेशन से जुडे़ सुभाष राणा के अनुसार-ऐसे कई खिलाड़ियों ने उनसे संपर्क किया है। कई खिलाड़ी खेलों की अन्य फेडरेशन से भी संपर्क कर रहे हैं।

*खिलाड़ी/कोच बतौर ये हैं उपलब्धियां*
-जाने-माने शूटर रहे सुभाष राणा के खाते में चार अंतर्राष्ट्रीय स्वर्ण और दो रजत पदक शामिल हैं। उन्होंने वर्ष 1994 में इटली और वर्ष 1998 में स्पेन में हुई विश्व शूटिंग चैंपियनशिप में भाग लिया था। एक कोच के तौर पर उनकी उपलब्धियों की चर्चा करें, तो वर्ष 2020 में टोक्यो पैरालंपिक में शामिल हुई शूटिंग टीम को उन्होंने प्रशिक्षित किया था। इस टीम ने पैरालंपिक में पांच मेडल जीते थे। भारतीय पैरा शूटिंग टीम के वह लंबे समय तक प्रशिक्षक रहे हैं।

*द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए चयनित होने पर सुभाष राणा को हार्दिक बधाई। उन्होंने उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। खेल क्षेत्र में उत्तराखंड दिन प्रतिदिन आगे बढ़ रहा है। अब राष्ट्रीय खेलों का आयोजन खेल विकास में एक नई इबारत लिखेगा। खेलों में उत्तराखंड और देश का नाम आगे बढ़ान वाले सभी खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों से मेरी अपील है कि वे राष्टीय खेलों में अपनी भागीदारी निभाएं।*
*पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री*

PRSI देहरादून ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से की भेंट, मतदाता जागरूकता पर चर्चा

0

देहरादून, मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ बी वी आर सी पुरुषोत्तम ने कहा है कि लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने ले लिए मतदाता जागरूकता कार्यक्रम सतत रूप से चलते रहेंगे। इसके लिए पूरी व्यवस्था की गई है। हर महीने थीम आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों की थीम इस प्रकार बनाई गई है कि सभी वर्गों को मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों से जोड़ा जा सके।

पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (PRSI), देहरादून चैप्टर ने आज मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ बी वी आर सी पुरुषोत्तम से शिष्टाचार भेंट कर मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान की रूपरेखा पर चर्चा की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता जागरूकता के लिए की गई नई पहलों की जानकारी देते हुए अपेक्षा की कि पीआरएसआई भी मतदाता जागरूकता में सक्रिय सहयोग करेगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने वर्ष 2025 के लिए प्रत्येक महीने की थीम की जानकारी दी।

*थीम*
जनवरी : नया साल, नए मतदाता लक्ष्य
फरवरी: मतदाता बनें, विजेता बनें
मार्च: सशक्त महिलाएं, सशक्त राष्ट्र
अप्रैल: “शिक्षा से जागरूकता, जागरूकता से मतदान”
मई: “मेरा काम, मेरी पसंद; मेरा वोट, मेरी आवाज़”
जून: हर बारिश की बूंद और हर वोट मायने रखता है
जुलाई: “हरेला का संदेश, वोट बने विशेष”
अगस्त: स्वतंत्रता और चुनावी कर्तव्य
सितंबर: “शिक्षक: चुनावी भागीदारी के स्तंभ”
अक्टूबर: आसान पंजीकरण, आसान सुधार
नवंबर: “संविधान, संकल्प और मतदान – उत्तराखंड के साथ नई उड़ान”
दिसंबर: “सुगम मतदान, सबका सम्मान”

मुख्य निर्वाचन अधिकारी “हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर नागरिक को अपने मताधिकार का महत्व समझ आए और वह इसका उपयोग करें। इन थीम के माध्यम से, हम पूरे साल जागरूकता अभियान चलाएंगे।”

यह पहल न केवल मतदान प्रक्रिया को सरल बनाने में सहायक होगी, बल्कि समाज में लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में भी योगदान देगी।

पीआरएसआई देहरादून चैप्टर के अध्यक्ष रवि बिजारणियां ने कहा कि पीआरएसआई भी मतदाता जागरूकता के लिए अपने स्तर पर प्रचार प्रसार करेगा। मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों में हर संभव सहयोग किया जाएगा।

इस अवसर पर पीआरएसआई देहरादून के सचिव अनिल सती, कोषाध्यक्ष सुरेश भट्ट, सदस्य प्रताप सिंह बिष्ट, दिनेश कुमार, प्रियांक वशिष्ठ उपस्थित थे।

ऋषिकेश नगर निगम से निर्दलीय प्रत्याशी दिनेश चंद्र मास्टर पहुंचे अपने गृह क्षेत्र देवप्रयाग

0

“माफ़िया परस्त राजनीति खत्म करने का लिया संकल्प”

टिहरी (देवप्रयाग), ऋषिकेश मेयर सीट से निर्दलीय उम्मीदवार दिनेश चंद्र मास्टर जी ने अपने गृह क्षेत्र भरपूर पट्टी और देवप्रयाग नगर की जनता से अपना आशीर्वाद मांगा है। उन्होंने श्री रघुनाथ और गंगा पूजा अर्चना की, जिसमें उन्होंने अपनी जीत के लिए जनता का आशीर्वाद मांगा।
दिनेश चंद्र मास्टरजी ने भरपूर पट्टी और देवप्रयाग नगर की जनता से अपने समर्थन की अपील की है। उन्होंने कहा कि वह जनता की समस्याओं को हल करने और शहर के विकास के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा “मैं अपने गृह क्षेत्र की जनता से अपना आशीर्वाद मांगता हूं। मैं उनकी समस्याओं को हल करने और शहर के विकास के लिए काम करूंगा।” उन्होंने आगे कहा, “मैं निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहा हूं, लेकिन मेरा उद्देश्य ऋषिकेश के लिए जनहित कार्य करना है। दिनेश चंद्र ने कहा अपने पहाड़ के बेटे को योगनगरी ऋषिकेश में अपने समर्थन के रूप में वोटो से जीत दिलाने का आशीर्वाद दे। उन्होंने गंगा जल लेकर संकल्प लिया कि जीत के बाद किसी भी राष्ट्रीय पार्टी का दामन नही थामेंगे ।
मूल निवास भू कानून समन्वय संघर्ष समिति के संयोजक मोहित डिमरी ने कहा कि राज्य बनने के बाद ऋषिकेश के हालत बद से बदतर हो रहे । दोनों राष्ट्रीय पार्टियों ने स्थानीय जनता को छला है और विभिन्न प्रकार के माफियाओं को पोषित करने का कार्य किया है। अब यह चुनाव मास्टर बनाम माफिया है और जनता को तय करना है कि वह किस तरफ खड़ी है ।
संघर्ष समिति के सह संयोजक लूशुन टोडरिया ने कहा कि यह चुनाव ऋषिकेश में बढ़ते अपराध और नशे के बढते व्यपार के ख़िलाफ़ है । यह चुनाव मूल निवासियों के अधिकारों के लिए लड़ा जा रहा है । क्षेत्र पंचायत सदस्य बुंगा एवं पूर्व सैनिक सुदेश भट्ट ने कहा कि अब जनता ने भी दिनेश चंद्र मास्टरजी को अपना मेयर बनाने की ठान ली है । इस चुनाव में इतिहास लिखा जाएगा । क्षेत्र पंचायत सदस्य गुम्मानीवाला अरुण बिष्ट ने कहा कि यह इस क्षेत्र का दुर्भाग्य का है जिस ऋषिकेश को धार्मिक नगरी के तौर पर जाना जाता था आज उस ऋषिकेश की पहचान कूड़े के पहाड़ से हो रही है ।
क्षेत्र पंचायत सदस्त बॉबी रांगड़ गड़ी ने कहा की ऋषिकेश की जनता अब बदलाव के मूड में है और इस बार चाहती है कि दिनेश चंद्र मास्टर जी जैसे व्यक्ति मेयर बनकर नगर के हित के लिए कार्य करे । विजय सिंह,गौतम राणा ने भी दिनेश चंद्र के समर्थन में वोट की अपील की ।

जो अपने पास है वही खास है-सुरेश मोहन सेमवाल

0

हरिद्वार, ( कुलभूषण ) मोटिवेशनल स्पीकर सुरेश मोहन सेमवाल ने कहा कि आजकल डिप्रेशन की समस्या बढ़ रही है। इसके पीछे बच्चों की परवरिश भी एक वजह है। माता पिता द्वारा बच्चों को आराम की आदत डाली जा रही है। आजकल सभी डिमोटिवेट होते हैं। जो कि एक आम बात है। जिसे आसानी से दूर किया जा सकता है। लेकिन क्लीनिकल केस अलग हैं। टेंपरेरी डिमोटिवेट को आसानी से दूर किया जा सकता है। अपनी पसंद का काम कर रहे व्यक्ति के जीवन में भी व्यवधान और बाधाएं आती हैं। जिन्हे दूर करने का वह तरीका निकाल लेता है। आजकल डिप्रेशन एक फैशन भी हो गया है। डिप्रेशन को फैशन के तौर पर लेने से मुश्किल हो जाता है। प्रैस क्लब सभागार में आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए सुरेश मोहन सेमवाल ने कहा कि डिप्रेशन से बचने और स्वयं को मोटिवेट रखने के लिए आगे बढ़कर जिम्मेदारी लें। अपनी पसंद का काम करें। खासतौर पर वह काम करें जो आप कर सकते हैं। जीवन में आने वाली चुनौतियों और समस्याओं के लिए दूसरों को जिम्मेदार ठहराने के बजाए उनका सामना करें। उन्हें दूर करने के तरीके निकालें। जिम्मेदारी लेने से आगे बढ़ने का रास्ता खुलता है। प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाएगा तो देश आगे बढ़ेगा। पीड़ित की समस्या को बढ़ाने की बजाए हल करने में अपना योगदान दें। जिम्मेदारी से ही समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचता है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि बीस वर्षो से लगातार देश में भर में अनेकों कार्यशालाओं में लोगों को जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित कर रहा हूं। डॉक्टर, इंजीनियर, नौकरीपेशा वर्ग, एडवोकेट आदि को मोटिवेशन दिया है। उन्होंने बताया कि यदि स्वयं किसी काम को हल करेंगे तो निश्चित रूप से बात बन जाती है। जो मेरे पास है। मेरे लिए खास है। इस दिशा में काम करेंगे तो निश्चित रूप सफलता मिलेगी। एक दूसरे की निंदा करने की बजाए जिम्मेदारी निभाने के लिए आगे आना चाहिए। इस दौरान किर्बी के पूर्व अधिकारी सुधीर मेहता भी मौजूद रहे। प्रैस क्लब अध्यक्ष अमित शर्मा, महामंत्री प्रदीप जोशी, वरिष्ठ पत्रकार रजनीकांत शुक्ल, प्रैस क्लब के पूर्व अध्यक्ष रामचंद्र कन्नौजिया, बिजेंद्र हर्ष, संदीप रावत, सूर्यकांत बेलवाल, कुमार दुष्यंत, त्रिलोकचंद्र भट्ट आदि ने सुरेश मोहन सेमवाल और सुधीर मेहता को शॉल ओढ़ाकर व स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। कार्यशाला में जिला सूचना अधिकारी अहमद नदीम, दीपक नौटियाल, तनवीर अली, कुलभूषण शर्मा, मुदित अग्रवाल, अमरीश कुमार, दयाशंकर वर्मा, महावीर नेगी, विकास चौहान, शमशेर बहादुर बम, मुकेश वर्मा, जहांगीर मलिक, राजकुमार पाल, सुमेश खत्री, सचिन कुमार, सचिन सैनी, विकास कुमार, रोहित सिखौला, पुष्पराज धीमान, सुदेश आर्य, गणेश वैद, कुलदीप सिंह, अरूण कश्यप, आनन्द गोस्वामी, राजेश कुमार, मनोज कुमार खन्ना, सुमित यशकल्याण, नरेश दीवान शैली, आदि पत्रकार मौजूद रहे।

निकाय चुनाव में बैलेट की जगह बाहुबल पर भाजपा को भरोसा : सूर्यकांत

0

-उत्तराखण्ड में बिहार व उत्तरप्रदेश वाली राजनैतिक संस्कृति लाना चाहती है भाजपा

-मंगलोर हर्बटपुर व देहरादून में लोकतंत्र की हत्या : धस्माना

देहरादून, उत्तराखंड़ में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी निकाय चुनाव में हार के डर से पहले तो पिछले एक साल से चुनावों को लगातार टालने में लगी रही और अब जब कोर्ट के हस्ताक्षेप से राज्य में निकाय चुनाव हो रहे हैं तो सम्भावित हार का खतरा देख कर भाजपा बाहुबल और सरकारी मशीनरी के दम पर लोकतंत्र की ह्त्या करने का प्रयास कर रही है जिसे कांग्रेस किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी यह बात आज उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही और आरोप लगाया कि हरिद्वार जनपद में सरकार व भाजपा के दबाव में नगरपालिका पारिषद मंगलौर के कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद इस्लाम, हरबटपुर देहरादून में नगर पंचायत प्रत्याशी यामिनी रहेला व देहरादून नगर निगम पार्षद प्रत्याशी वार्ड नंबर 49 इलियास अंसारी के नामांकन भाजपा के दबाव के चलते गलत तथ्यों के आधार पर निरस्त कर दिए गए उन्होंने कहा कि मंगलौर के कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद इस्लाम इससे पहले चार बार चुनाव लड़ चुके है और चारों बार उनके विरुद्ध नजूल की भूमि कब्जाने का आरोप उनके विरोधी लगाते रहे किन्तु हर बार उनके विरुद्ध लगाई गई आपत्तियों गलत पायी गयी और इस बार भी वही आपत्तियों लगायी गयी और इस बार सरकार व भाजपा के दबाव में उनका नामांकन रद्द कर दिया गया धस्माना ने आरोप लगाया कि देहरादून के चार सिटिंग कांग्रेसी पार्षदों के नामांकन रद्द करवाने के लिए रायपुर के विधायक ने सारी मर्यादा को तोड़ते हुए नगर निगम प्रशासन और आरओ पर अनुचित दबाव बनाने की कोशिश की जिसकी कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुरजोर विरोध किया, धस्माना ने कहा कि लगातर दो दिन तक भाजपा विधायक उमेश काउ दल बल के साथ नगर निगम पहुंच कर मुख्य नगर अधिकारी श्रीमती नमामी बंसल, अतिरिक्त मुख्य नगर अधिकारी बिनवाल व आरओ पर दबाव बना कर कॉंग्रेस प्रत्याशियों मुकीम अहमद, 47 से रॉबिन त्यागी, 49 से इलियास अंसारी, वार्ड 3 से अनिल छेत्री के नामांकन रद्द करवाना चाहते थे किंतु प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह, वे स्वयं, महानगर अध्यक्ष डाक्टर जसविंदर सिंह गोगी ,पूर्व विधायक राजकुमार और सैकड़ों कार्यकर्ताओं द्वारा विधायक उमेश शर्मा का कड़ा विरोध करने से विधायक उमेश शर्मा के इरादे कामयाब नहीं हो पाए किन्तु आरओ द्वारा इलियास अंसारी का नामांकन गलत तथ्यों के आधर पर खारिज कर दिया जो सर्वथा अनुचित है श्री धस्माना ने कहा कि वे मंगलौर हरबटपुर और भगत सिंह कालोनी की ओर से आरओ के निर्णय को चुनौती देंगे। इस अवसर पर वार्ड की अधिकृत प्रत्याशी संगीता गुप्ता के समर्थन में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर पर्चा दाखिल करने वाली श्रीमती प्रियंका अग्रवाल ने अपना नाम वापस लेने की घोषणा की।
धस्माना ने कहा कि चुनाव में हार जीत का निर्णय जनता के ऊपर छोड़ना चाहिए ना कि अधिकारियों पर दबाव बना कर विरोधी का नामांकन खारिज कर बेईमानी से जीत हासिल कर श्री धस्माना ने कहा कि कॉंग्रेस पार्टी निकाय चुनाव के लिए शीघ्र अपना चुनाव घोषणा पत्र जारी करेगी और राजधानी देहरादून के लिए अलग से अपना दृष्टि पत्र जारी करेंगे
इस अवसर पर वार्ड 11 से कॉंग्रेस प्रत्याशी मोनिका के समर्थन में भाजपा कार्यकर्ता सुरेश पटेल, मदन ढोंगया, ललिता, आशीष गिल,उषा देवी, सोवन सजवाण , दीप चन्द सिसोदिया , लीला और वार्ड 44 से आम आदमी पार्टी के विशाल बंसल, उषा, पूजा, जाहीद, अमन धीमान, सुमित्रा ने आप छोड़ कर कांग्रेस में शामिल हुए।

उत्तराखंड में एसआई पद के लिए एडमिट कार्ड जारी, 12 जनवरी को होगी परीक्षा

0

देहरादून, उत्तराखंड लोक सेवा आयोग गुरुवार को विभिन्न सब-इंस्पेक्टर (SI) रिक्तियों के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। जिन उम्मीदवारों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया था, वे आधिकारिक वेबसाइट http://ukpsc.net.in के माध्यम से यूकेपीएससी एसआई 2024 एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इस भर्ती अभियान का लक्ष्य कुल 222 पदों को भरना है। उम्मीदवारों को लॉग इन करने और यूकेपीएससी एसआई 2024 एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए अपना आवेदन नंबर और पासवर्ड दर्ज करना होगा। आधिकारिक नोटिस के अनुसार केवल वे उम्मीदवार जो शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) उत्तीर्ण करेंगे, वे यूकेपीएससी एसआई 2024 लिखित परीक्षा के लिए उपस्थित होने के पात्र होंगे। यूकेपीएससी भर्ती अभियान विभाग में उप-निरीक्षक पदों के लिए 222 रिक्तियों को भरना चाहता है।

इस दिन होगी परीक्षा :
यूकेपीएससी एसआई 2024 12 जनवरी, 2025 को एक ही सत्र में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होने वाला है। यूकेपीएससी एसआई 2024 लिखित परीक्षा में पेपर 1 और पेपर 2 सहित दो पेपर होंगे, जिनमें से प्रत्येक में 150 प्रश्न होंगे। प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक दिया जाएगा। यूकेपीएससी एसआई 2024 एडमिट कार्ड में उम्मीदवार का नाम, रोल नंबर, परीक्षा केंद्र, तिथि और समय के साथ-साथ परीक्षा के दिन के लिए महत्वपूर्ण निर्देश शामिल हैं। उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड 2024 के साथ एक सरकारी आईडी भी लानी चाहिए। पहले जारी नोटिस में कहा गया था, “जिन उम्मीदवारों ने शारीरिक दक्षता परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की है, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे 2 जनवरी 2025 (गुरुवार) से आयोग की आधिकारिक वेबसाइटhttp://psc.uk.gov.in याhttp://ukpsc.net.in से उपरोक्त परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड डाउनलोड करें।

चयन प्रक्रिया :
उत्तराखंड पुलिस दरोगा भर्ती 2024 के लिए चयन प्रक्रिया में शारीरिक माप परीक्षण, शारीरिक दक्षता परीक्षण, लिखित परीक्षा और चिकित्सा परीक्षा शामिल है। शारीरिक परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा, जिसके बाद मेडिकल परीक्षा होगी। शारीरिक परीक्षण क्वालीफाइंग प्रकृति के हैं और उम्मीदवारों की अंतिम मेरिट सूची लिखित परीक्षा में उम्मीदवार के प्रदर्शन के आधार पर बनाई जाएगी।

एडमिट कार्ड कैसे करें डाउनलोड :
सबसे पहले उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट http://ukpsc.net.in पर जाएं। इसके बाद होम पेज पर उपलब्ध एडमिट कार्ड लिंक पर क्लिक करें।
अब अपना लॉगिन क्रेडेंशियल दर्ज करें और सबमिट पर क्लिक करें। इसके बाद आपका प्रवेश पत्र उसकी स्क्रीन पर प्रदर्शित हो जाएगा। उसे डाउनलोड करें और भविष्य के संदर्भ के लिए उसका एक प्रिंटआउट ले लें।

 

दून में 6 जनवरी को होगी कुमार शर्मा की कत्थक वर्कशॉप

देहरादून, उत्तराखंड के यू ट्यूब चैनल इंक्रेडिबल्स ऑफ़ उत्तराखंड के सौजन्य से कुंआवाला स्थित सीआईएमएस संस्थान में एक दिवसीय कत्थक की वर्कशॉप होने जा रही है, वर्कशॉप देने के लिए मशहूर कत्थक डांसर कुमार शर्मा दून आएंगे । 6 जनवरी को होने वाली इस वर्कशॉप में देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश सहित गढ़वाल के डांस प्रेमी प्रतिभाग कर सकते हैं, इस डांस वर्कशॉप में विद्यार्थियों के अलावा क्लासिकल डांस टीचर भी रजिस्ट्रेशन करा रहे है । कुमार शर्मा कत्थक और फ्यूजन कत्थक के क्षेत्र में एक जाना पहचाना चेहरा है जो कि ना केवल अपने देश बल्कि अंतराष्ट्रीय स्तर पर भी इस तरह की वर्कशॉप देते आ रहे हैं साथ ही अनेकों रियल्टी शोज़ में बतौर जज और मुख्य मेहमान आमंत्रित किए जाते हैं।
कुमार शर्मा का युवा डांसर्स के बीच बहुत क्रेज है। इस स्पेशल वर्कशॉप को अटेंड करने के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया अभी चल रही है।