Friday, September 27, 2024
HomeTrending Nowचोपता व रुमसी में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या व कंडारा में गणेश...

चोपता व रुमसी में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या व कंडारा में गणेश जोशी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ बहुउद्देशीय शिविर

रुद्रप्रयाग– जनपद भ्रमण पर पहुंची प्रदेश की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती रेखा आर्या की अध्यक्षता में आज विकास खंड अगस्त्यमुनि के राजकीय इंटर कॉलेज चोपता एवं रुमसी गांव में जनता दरवार एवं बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। वहीं केदारनाथ विधान सभा छैत्र के कंडारा में कैविनेट मंत्री गणेश जोशी ने जनता दरवार लगाकर ग्रामीणों की समस्या सुनी। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने क्षेत्र की समस्याओं से कैबिनेट मंत्री को अवगत कराया।
चोपता में आयोजित शिविर में लगभग 150 जबकि रूमसी में 80 से अधिक समस्याएं दर्ज की गई। जिनको गंभीरता से लेते हुए उनका यथाशीघ्र निराकरण हेतु श्रीमती रेखा आर्या ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में कोखंडी के प्रधान कमल लाल आगरी ने ग्राम सभा कोखंडी (तलगढ़) की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। राजकीय इंटर काॅलेज चोपता की कमेटी द्वारा विद्यालय की सुरक्षा के दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने का अनुरोध किया गया। सदस्य जिला पंचायत सुनीता बर्त्वाल ने चोपता में स्थापित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण करने की मांग की। भाजपा के जिलामंत्री गंभीर सिंह बिष्ट ने सतेराखाल क्षेत्र के आसपास ग्रामीण क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की समस्या से अवगत कराया। महड़ मल्ला निवासी अषाड़ी देवी व जग्गी कांडई के पुष्कर लाल ने मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। इनके अलावा लोदला गांव के गजेंद्र लाल ने विकलांग पुत्र को आर्थिक सहायता व पेंशन दिलाए जाने के संबंध में प्रार्थना-पत्र दिया। नारी के ग्रामीणों ने क्षेत्र में मिनी स्टेडियम बनाने की बात कही। स्यूपुरी के क्षेत्र पंचायत सदस्य गौरव सुपरियाल ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की मूर्ति जिला कार्यालय एवं विकास भवन परिसर में लगाए जाने तथा स्वांरी ग्वांस गांव निवासी संगीता देवी ने प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराने की मांग की।

बहुउद्देशीय शिविर की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
इससे पहले उन्होंने दोनों बहुउद्देशीय शिविरों में आयोजित विभागीय स्टालों का निरीक्षण किया। साथ ही मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के लाभार्थियों से संवाद कर उन्हें पुरस्कृत किया। वहीं दोनों कार्यक्रमों में पहुंची गर्भवती महिलाओं को महालक्ष्मी किट भेंट की।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ जीएस खाती, उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग आशीष घिल्डियाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रमेंद्र बिष्ट, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, अधिशासी अभियंता जल संस्थान अनीश पिल्लई, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा वाचस्पति सेमवाल, मंडल अध्यक्ष त्रिलोचन भट्ट, मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के कोऑर्डिनेटर दलबीर सिंह दानू, सदस्य प्रदेश कार्यकारिणी विक्रम सिंह कंडारी, जिला पंचायत सदस्य-चोपता सुनीता बर्तवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष गंभीर सिंह बिष्ट, अमित प्रदाली, मानवेंद्र कुमार, जगदीश नेगी, सचिन रावत, सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।
दूसरी ओर कंडारा मे प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण एवं ग्राम्य विकास विभाग मंत्री गणेश जोशी की अध्यक्षता में जनता दरबार एवं बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों द्वारा 50 समस्याओं को दर्ज कराया गया जिसमें 20 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया जबकि शेष शिकायतों का निस्तारण हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रेषित किया गया।

ग्राम पंचायत भवन कंडारा में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में ग्राम प्रधान क्यूंजा विनीता नेगी ने क्यूंजा में राजकीय पाॅलीटेक्निक स्वीकृत कराने की मांग की। इसी तरह शिक्षक-अभिभावक संघ द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज कंडारा में हिन्दी के रिक्त प्रवक्ता पद पर शिक्षक की तैनाती करने तथा उच्छाढुंगी के ग्रामीणों ने सहकारी मिनी बैंक में कार्य प्रणाली ऑनलाइन ढंग से करने की मांग की। कंडारा के ग्रामीणों ने खेल मैदान के विस्तारीकरण व सुरक्षा दीवार लगाने की मांग की। जबकि कंडारा गांव की ही विछना देवी ने अवगत कराया कि अत्यधिक बारिश के कारण उनका आवासीय भवन क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने इसके लिए मुआवजा दिलाने तथा शांति देवी ने शौचालय निर्माण हेतु आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रार्थना की। क्यूंजा के ग्रामीण दर्शन सिंह ने स्वतंत्रता सैनानी के नाम पर मोटर मार्ग स्वीकृत करने की मांग की। कंडारा निवासी कुलदीप सिंह भंडारी ने सड़क मार्ग की दुर्दशा के साथ ही सुधारीकरण को लेकर अवगत कराया।
बहुउद्देशीय शिविर की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण एवं ग्राम्य विकास मंत्री ने बताया कि इस क्षेत्र से अब तक लखपति दीदी योजना के तहत 70 बहिनें लखपति दीदी बन चुकी हैं। इसके लिए उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को शुभकामनाएं व बधाई दी हैं।
उन्होने बताया कि जहां केंद्र सरकार द्वारा 3 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है वहीं राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2025 तक डेढ़ लाख बहनों को लखपति दीदी बनाएंगे। अब तक राज्य में 92 हजार बहिनें लखपति दीदी बन गई हैं। इससे साबित होता है कि हम निरंतर अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर हो रहे हैं। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया है कि आज प्राप्त शिकायतों का निश्चित रूप से समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन स्तर की समस्याओं को लेकर शासन को अवगत कराया जाएगा। जबकि जिला स्तर की समस्याओं का निस्तारण करने हेतु उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए।
इस अवसर पर रुद्रप्रयाग विधायक श्री भरत सिंह चौधरी ने प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण एवं ग्राम्य विकास विभाग मंत्री श्री गणेश जोशी का कार्यक्रम में प्रतिभाग करने पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र सैनिक बाहूल्य क्षेत्र है। उन्होंने बताया कि सरकार हर वर्ग की समस्याओं के लिए बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन कर रही है ताकि स्थानीय स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान हो सके।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टाॅल भी लगाते हुए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी से लोगों को अवगत कराया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 55 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वहीं ग्राम्य विकास विभाग द्वारा 23 लोगों को संचालित योजनाओं की जानकारी से अवगत कराया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुमंत तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा विजय कप्रवान, शकुंतला जगवाण, सदस्य जिला पंचायत सुमंत नेगी, मंडल अध्यक्ष अनिल कोठियाल, प्रधान कंडारा ज्योति देवी, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उप जिलाधिकारी अनिल कुमार शुक्ला, प्र. जिला विकास अधिकारी विमल कुमार, खंड विकास अधिकारी प्रवीण भट्ट सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments