बालिका इंटर कालेज नमजला की 57 साल बाद 7.82 लाख से होगा रंगरोगन और मरम्मत कार्य

0
607

मुनस्यारी, जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया की एक ओर मुहिम रंग लाई। मरम्मत तथा रंग रोगन से महफूज़ खंडहर जैसा दिख रहे बालिका इंटर कालेज नमजला को 57 साल के बाद 7.82 लाख रुपए स्वीकृत मिल गये है। अब विद्यालय भवन एक माह के बाद चमकने लगेगा। कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग को धनराशि भेज दी गई है।
विकास खंड मुनस्यारी में बालिकाओं की शिक्षा के लिए बने एकमात्र राजकीय बालिका इंटर कालेज नमजला का मुख्य भवन सन् 1965 में बनाया गया था।
57 साल में भवन की मरम्मत तथा रंग रोगन के लिए कोई भी बजट विद्यालय को नहीं मिला।
जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया को क्षेत्र भ्रमण के दौरान इस कालेज की बालिकाओं तथा शिक्षिकाओं ने इस समस्या से अवगत कराया। फिर क्या था जिपंस जगत मर्तोलिया विद्यालय की स्थिति में बदलाव की मुहिम में जुट गए। उन्होंने प्रस्ताव बनाकर मुख्य शिक्षा अधिकारी पिथौरागढ़ से अग्रसारित कर प्रस्ताव को निदेशक विद्यालयी शिक्षा उत्तराखंड को भिजवाया।
बीते दिनों देहरादून जाकर महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा बंशीधर तिवारी से मुलाकात कर विद्यालय की स्थिति से अवगत कराया।
जिपंस जगत मर्तोलिया ने बताया कि डीजी शिक्षा ने 7.82 लाख रुपए स्वीकृत कर ग्रामीण निर्माण विभाग डीडीहाट को बजट जारी कर दिया है। उन्होंने बताया कि बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए राबाईका नमजला की भवन की स्थिति में सुधार के लिए यह कार्य बेहद जरूरी था।
उन्होंने बताया कि इस कार्य को गुणवत्तापूर्ण करने के लिए सामुहिक निगरानी की जायेगी। इस बजट की स्वीकृती मिलने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।