Saturday, May 4, 2024
HomeTrending Nowमहापौर से बदसलूकी का मामला : गुस्साए नगर निगम कर्मचारियों ने कार्यालय...

महापौर से बदसलूकी का मामला : गुस्साए नगर निगम कर्मचारियों ने कार्यालय में तालाबंदी कर दी हड़ताल की चेतावनी

देहरादून, सह्त्रधारोड़ की एक कालौनी में पार्क की एनओसी को लेकर गूंज संस्था की अध्यक्ष सोनिया आनंद की महापौर सुनील उनियाल गामा से बदसलूकी का मामला गरमा गया है। गुस्साए नगर निगम कर्मचारियों ने कार्यालय में तालाबंदी कर दी व हड़ताल पर चले गए। इस बीच पार्षद भी निगम आ गए और कर्मचारियों के साथ धरना-प्रदर्शन किया।

वहीं शुक्रवार को नगर निगम कर्मचारियों ने सोनिया आनंद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग। इसके साथ ही पार्क पर उनके नाम का बोर्ड हटाकर निगम का बोर्ड लगाने की मांग भी की। पार्षद एसएसपी आफिस में तहरीर देने के लिए गए।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि अगर शुक्रवार शाम तक सोनिया आनंद ने निगम पहुंचकर महापौर गामा से माफी नहीं मांगी तो निगम कर्मचारी बेमियादी हड़ताल शुरू कर शनिवार से शहर की सफाई-व्यवस्था ठप कर देंगे। वहीं, पार्षदों व कर्मचारियों ने नगर आयुक्त मनुज गोयल को ज्ञापन देकर सोनिया के विरुद्ध कानूनी कदम उठाने की मांग की |

मामला सहस्त्रधारा रोड़ का है जहां नगर निगम ने राजेश्वर नगर में अपनी एक जमीन पर पार्क बनाने को एमडीडीए को एनओसी दी थी। निगम की अनुमति बिना एमडीडीए ने गूंज संस्था को वहां पार्क बनाने की एनओसी जारी कर दी। इसी रविवार को पार्क का उद्घाटन भी हो गया, जबकि निगम की ओर से समारोह में कोई शामिल नहीं हुआ।

नगर निगम की बोर्ड बैठक में सोमवार को इस मामले को लेकर काफी हंगामा हुआ। जिस पर निगम बोर्ड ने एनओसी निरस्त करने का फैसला किया। आक्रोशित गूंज संस्था की अध्यक्ष सोनिया आनंद ने बुधवार को प्रेस क्लब में महापौर सुनील उनियाल गामा के खिलाफ प्रेस वार्ता कर गंभीर आरोप लगाए व कुछ देर बाद वह नगर निगम पहुंच गई। सोनिया ने बिना अनुमति महापौर कक्ष में प्रवेश कर महापौर गामा से जमकर अभद्रता की। इस दौरान महापौर ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

महापौर के अपमान से गुस्साए निगम के कर्मचारियों ने गुरुवार सुबह नगर निगम में तालाबंदी कर हड़ताल कर दी। कर्मचारियों ने निगम परिसर में सोनिया के खिलाफ न सिर्फ नारेबाजी की बल्कि महापौर से माफी मांगने की शर्त भी रखी। इस दौरान भाजपा पार्षद भी वहां पहुंच गए और कर्मचारियों के समर्थन में धरने पर बैठ गए। पार्षदों ने नगर आयुक्त मनुज गोयल को ज्ञापन देकर सोनिया के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की। वहीं, कर्मचारियों ने भी नगर आयुक्त को ज्ञापन दिया।

नगर विकास कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष नाम बहादुर, महामंत्री सतेंद्र कुमार समेत अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष राजेश कुमार और महामंत्री धीरज भारती ने मांग की है कि निगम की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त किया जाए। जिस जमीन पर पार्क बनाया गया है, उसे निगम अपने स्वामित्व में ले। वहीं, कुछ पार्षदों ने पार्क को बुलडोजर से ध्वस्त करने की मांग भी कर डाली। उधर, हड़ताल के कारण आमजन के कार्य नहीं हुए। जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र बनाने, गृहकर जमा कराने या अन्य कार्यों से पहुंचे लोग बैरंग लौट गए।

कल से हो सकती है बेमियादी हड़ताल

दोपहर बाद महापौर सुनील उनियाल गामा ने नगर निगम पहुंचकर कर्मचारियों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई काम न करें जिससे आमजन को परेशानी हो। महापौर ने हड़ताल न करने का आग्रह किया। इस पर कर्मचारियों ने शुक्रवार को दफ्तर खोलने के लिए हामी भर दी।

हालांकि, चेतावनी दी है कि अगर शुक्रवार शाम तक सोनिया आनंद ने महापौर से माफी नहीं मांगी तो शनिवार से सभी कर्मचारी बेमियादी हड़ताल करेंगे। इसमें नगर विकास कर्मचारी समेत सफाई कर्मचारी भी शामिल होंगे।

नगर निगम सफाई कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सोनिया आनंद ने माफी नहीं मांगी तो शनिवार को वह सोनिया के घर के बाहर कूड़े की गाड़ी पलट देंगे। इसके साथ ही सफाई कर्मचारी सोनिया के घर के बाहर धरना देंगे, निगम पार्षदों का प्रतिनिधिमंडल एसएसपी जन्मेजय खंडूरी से मुलाकात कर दसोनिया आनंद के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग की ।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments