Sunday, May 5, 2024
HomeTrending Nowअनियंत्रित वाहनों ने मारी कई वाहनों को टक्कर, दो ग्रामीण गंभीर 

अनियंत्रित वाहनों ने मारी कई वाहनों को टक्कर, दो ग्रामीण गंभीर 

रुद्रपुर। बेकाबू कार और डम्पर ने उकरौली में दो लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया है। अनियंत्रित वाहनों ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस दौरान लोगों ने भागकर जान बचाई। कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया। जबकि डम्पर बेकाबू होकर पलट गया। घटना से गुस्साये ग्रामीणों ने डम्पर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोप है कि आक्रोशित ग्रामीणों ने डम्पर चालक की पिटाई भी की।

रविवार की सायं उकरौली के खनन क्षेत्र से डम्पर में उपखनिज भरा जा रहा था। इस दौरान ग्रामीणों ने डम्पर चालक को खेत से उपखनिज नहीं भरने को कहा। ग्रामीणों का कहना था कि जहां से आरबीएम भरा जा रहा था। वह ग्रामीणों के खेत हैं। इस दौरान दोनों पक्षों में विवाद हो गया। बताया जाता है कि मौके पर कार चालक विवाद के बाद भाग गया। उसके पीछे डम्पर भी निकला। ग्रामीणों के अनुसार कार ने रास्ते में मौजूद सुभाष चन्द्र पुत्र रामप्यारे को टक्कर मारकर उछाल दिया। इससे बाद वह पीछे से आ रहे डम्पर से भी टकरा गया। कुछ दूरी में खड़े सुभाष के भांजे राजकुमार पुत्र अमरनाथ को भी डम्पर ने टक्कर मार दी। इससे राजकुमार का पैर भी कुचल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डम्पर कई बाइकों व साइकिलों को टकराते हुए निकला। कुछ दूरी पर अनियंत्रित होकर पलट गया। बेकाबू वाहनों से लोगों ने भागकर जान बचायी। डम्पर पलटने के बाद ग्रामीणों ने चालक को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने डम्पर चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। इधर घटना में घायल सुभाष और राजकुमार को सितारगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने गम्भीर हालात में हायर सेंटर रेफर कर दिया। घायल सुभाष पूर्व ग्राम प्रधान मदन लाल का भाई है।

सिडकुल चौकी इंचार्ज चन्दन बिष्ट ने बताया कि जमीन को लेकर विवाद हुआ था। ग्रामीणों का कहना था कि उनके पट्टे की जमीन में खनन किया जा रहा है। ग्रामीणों की भीड़ देख कार चालक और डम्पर चालक भागने लगे। इस दौरान अनियंत्रित वाहनों ने टक्कर मार दी। सिडकुल चौकी इंचार्ज ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है। किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। जांच के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जायेगी। इधर घटना के बाद गांव में आक्रोश है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments