देहरादून, उत्तराखंड़ में शिक्षकों की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) साक्षरता और दक्षता बढ़ाने के लिए राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) उत्तराखंड और कोटक एजुकेशन फाउंडेशन (केईएफ) के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। साझेदारी का उद्देश्य शिक्षकों को एआई और आधुनिक डिजिटल तकनीकों से दक्ष बनाकर प्रौद्योगिकी आधारित शिक्षा को मजबूत करना है।
एमओयू के तहत एससीईआरटी के आईटी विभाग और केईएफ मिलकर शिक्षकों के लिए अध्ययन सामग्री तैयार करने, ऑनलाइन पाठ्यक्रम विकसित करने, तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने तथा पाठ्यक्रमों के क्रियान्वयन और प्रसार पर काम करेंगे। विकसित पाठ्यक्रमों को दीक्षा, यूके ई-सृजन और मिशन कर्मयोगी जैसे डिजिटल मंचों पर उपलब्ध कराने की योजना है। समझौते को एससीईआरटी के अतिरिक्त निदेशक पद्मेंद्र सकलानी ने औपचारिक मंजूरी दी।
इस सहयोग के तहत केईएफ, एससीईआरटी के साथ मिलकर शिक्षकों के लिए ‘एआई कोर्स फॉर एजुकेटर्स’ को उत्तराखंड की जरूरतों के अनुरूप तैयार कर लागू करेगा। पाठ्यक्रमों में एआई और उभरती डिजिटल शिक्षण पद्धतियों को शामिल किया जाएगा, जिससे शिक्षक कक्षा में तकनीक का प्रभावी उपयोग कर विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने और सीखने के परिणामों में सुधार करने में सक्षम हो सकें।
एससीईआरटी की निदेशक (अकादमिक) बंदना गर्ब्याल ने साझेदारी का स्वागत करते हुए कहा कि इससे उत्तराखंड के शिक्षकों, विशेषकर दूरस्थ जिलों में कार्यरत शिक्षकों तक एआई आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह सहयोग शिक्षण में सुधार, विद्यार्थियों में नवाचार को बढ़ावा देने और भविष्य के लिए तैयार कक्षाओं के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
केईएफ की सीओओ जयश्री रमेश ने कहा कि हर शिक्षक को भविष्य के लिए जरूरी तकनीकी उपकरण और हर विद्यार्थी को भविष्य के लिए तैयार शिक्षक उपलब्ध कराना संस्था का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि एससीईआरटी उत्तराखंड के साथ एमओयू के बाद इस दिशा में वास्तविक काम शुरू होगा।
एससीईआरटी और केईएफ के बीच हुई इस साझेदारी के माध्यम से महाराष्ट्र में सफल रहे मॉडल को उत्तराखंड में लागू करने की तैयारी है। केईएफ ने एससीईआरटी महाराष्ट्र के साथ मिलकर मराठी में ‘एजुकेटर्स के लिए एआई साथी’ पाठ्यक्रम विकसित किया है, जो दीक्षा मंच पर उपलब्ध है और महाराष्ट्र में 7.5 लाख से अधिक शिक्षकों तक पहुंच चुका है।एमओयू हस्ताक्षर समारोह में एससीईआरटी की निदेशक (अकादमिक) बंदना गर्ब्याल, उप निदेशक विनोद मथुरा, सहायक निदेशक डॉ. केएन बिजल्वाण, आईटी विभाग से रमेश प्रसाद बडोनी तथा केईएफ की सीओओ जयश्री रमेश, मिलिंद पांडे और दीपक पाठक मौजूद रहे।




