Thursday, June 25, 2026
HomeTrending Nowदेहरादून में अर्बन चैलेंज फंड पर क्षमता निर्माण कार्यशाला का सफल आयोजन

देहरादून में अर्बन चैलेंज फंड पर क्षमता निर्माण कार्यशाला का सफल आयोजन

देहरादून, हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HUDCO) ने शहरी विकास विभाग, उत्तराखण्ड सरकार के सहयोग से देहरादून में “अर्बन चैलेंज फंड के अंतर्गत बैंक योग्य शहरी अवसंरचना एवं वित्तीय संसाधनों के जुटाव” विषय पर एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यशाला का सफल आयोजन किया। कार्यशाला में राज्य के विभिन्न शहरी स्थानीय निकायों के नगर आयुक्तों तथा शहरी विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री विनोद गिरी गोस्वामी, निदेशक, शहरी विकास निदेशालय, उत्तराखण्ड ने अर्बन चैलेंज फंड के अंतर्गत उपलब्ध अवसरों का प्रभावी उपयोग करने हेतु समेकित एवं बैंक योग्य शहरी अवसंरचना परियोजनाओं के विकास पर बल दिया। उन्होंने नगर आयुक्तों एवं वरिष्ठ अधिकारियों से कार्यशाला में प्राप्त ज्ञान एवं अनुभवों का उपयोग करते हुए राज्य की विकास प्राथमिकताओं के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाली परियोजनाएँ तैयार करने का आह्वान किया।

कार्यशाला में शहरी अवसंरचना एवं वित्त के क्षेत्र के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों द्वारा तकनीकी प्रस्तुतियाँ दी गईं। डॉ. आर. के. सिंह, महाप्रबंधक (परियोजनाएँ), HUDCO ने “यूआईविन (UiWIN): अर्बन चैलेंज फंड का एक सक्षम सहयोगी” विषय पर प्रस्तुति देते हुए HUDCO की अर्बन इन्वेस्ट विंडो (UiWIN) पहल तथा परियोजना तैयारी एवं वित्तीय सहयोग में इसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।

श्री विकाश चन्द्र, निदेशक, डेलॉइट ने अर्बन चैलेंज फंड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नवाचारी शहरी वित्तपोषण मॉडलों पर अपने विचार साझा किए तथा विभिन्न वित्तीय संरचनाओं के उदाहरण प्रस्तुत किए, जिन्हें शहरी स्थानीय निकाय अपनाकर संसाधन जुटा सकते हैं। श्री आलोक शिरोमणि, शहरी वित्त विशेषज्ञ ने शहरी अवसंरचना वित्तपोषण परिदृश्य एवं नगर निकाय वित्त व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की तथा विशेष रूप से पर्वतीय राज्यों में उपलब्ध चुनौतियों एवं अवसरों पर प्रकाश डाला। श्री राजीव चड्ढा, पीपीपी विशेषज्ञ ने सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) रणनीतियों एवं परियोजना संरचना से संबंधित विषयों पर व्यावहारिक उदाहरणों सहित विस्तृत प्रस्तुति दी।

श्री रवि पाण्डेय, शहरी विकास विभाग, उत्तराखण्ड सरकार ने “उत्तराखण्ड राज्य हेतु परियोजनाओं की अवधारणा” विषय पर एक महत्वपूर्ण सत्र का संचालन किया। उन्होंने क्षेत्र-विशिष्ट शहरी अवसंरचना आवश्यकताओं की पहचान तथा स्थानीय चुनौतियों के समाधान हेतु परिणामोन्मुख एवं समेकित परियोजनाओं के विकास की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने शहरी स्थानीय निकायों को परियोजना विकास एवं शहरी परिवर्तन के लिए दीर्घकालिक एवं रणनीतिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यशाला में “परिकल्पना से अर्बन चैलेंज फंड की तैयारी तक : परियोजना तैयारी की रूपरेखा” विषय पर एक संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें राज्य सरकार के अधिकारियों ने प्रतिभागियों के साथ चर्चा की तथा परियोजना पहचान, तैयारी, वित्तपोषण एवं क्रियान्वयन से संबंधित विभिन्न प्रश्नों का समाधान किया।

श्री संजय भार्गव, क्षेत्रीय प्रमुख, HUDCO, देहरादून, श्री अभिजीत सरकार, उप महाप्रबंधक (परियोजनाएँ), HUDCO, देहरादून, HUDCO के कॉर्पोरेट कार्यालय के अधिकारियों तथा HUDCO के देहरादून क्षेत्रीय कार्यालय की टीम ने भी कार्यशाला में सहभागिता की तथा इसके सफल आयोजन, समन्वय एवं सुचारु संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

कार्यक्रम का समापन श्री संजय भार्गव, क्षेत्रीय प्रमुख, HUDCO, देहरादून द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने सभी विशिष्ट वक्ताओं, प्रतिभागी अधिकारियों, शहरी स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों, HUDCO कॉर्पोरेट कार्यालय, उत्तराखण्ड सरकार के शहरी विकास विभाग तथा सहयोगी संस्थाओं का कार्यशाला की सफलता में उनके बहुमूल्य योगदान के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया।

श्री भार्गव ने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यशाला के दौरान हुए विचार-विमर्श एवं ज्ञान-साझाकरण से उत्तराखण्ड में उच्च गुणवत्ता वाली, वित्तीय रूप से व्यवहार्य शहरी अवसंरचना परियोजनाओं के विकास को नई गति मिलेगी तथा राज्य के सतत शहरी विकास एवं परिवर्तन में महत्वपूर्ण योगदान प्राप्त होगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments