Saturday, June 21, 2025
HomeTrending Nowमंत्री जोशी की बर्खास्तगी को लेकर जन संघर्ष मोर्चा ने किया प्रदर्शन

मंत्री जोशी की बर्खास्तगी को लेकर जन संघर्ष मोर्चा ने किया प्रदर्शन

-आय से अधिक सम्पत्ति के मामले में हाईकोर्ट ने लिया है संज्ञान
-प्रदेश में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

देहरादून (विकासनगर), राज्य के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी आय से अधिक सम्पत्ति, उद्यान, सैन्य धाम, तराई बीज विकास निगम व कृषि मेले के टेंडर घोटाले को लेकर चर्चाओं में हैं, अब तो भाजपा के कैबिनेट मंत्री की बर्खास्तगी की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। आय से अधिक सम्पत्ति के मामले में अधिवक्ता विकेश नेगी की याचिका पर हाईकोर्ट ने 23 जुलाई की तारीख तय की है।
वहीं जन संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने तहसील विकासनगर में प्रदर्शन कर कृषि मंत्री गणेश जोशी की मंत्रिमंडल से बर्खास्तगी की मांग की। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार असवाल को सौंपा गया।

नेगी ने आरोप लगाया कि मंत्री के कार्यकाल में विभिन्न विभागीय योजनाओं में अनियमितताएं सामने आई हैं, जिससे शासन की साख प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि मंत्री पर उद्यान विभाग में पूर्व निदेशक से जुड़े मामले में हस्तक्षेप, कृषि मेलों में वित्तीय अनियमितताएं, तराई बीज विकास निगम की परिसंपत्तियों की बिक्री और जैविक खेती व बागवानी योजनाओं में संभावित गड़बड़ियों जैसे गंभीर आरोप हैं।

नेगी ने यह भी कहा कि विगत वर्षों में मंत्री से जुड़े व्यक्तियों द्वारा बड़ी मात्रा में संपत्ति अर्जित की गई है, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उन्होंने दावा किया कि उच्च न्यायालय द्वारा भी इन मामलों में नोटिस जारी किया गया है, जिसे देखते हुए सरकार को इस पर त्वरित निर्णय लेना चाहिए।

उन्होंने मांग की कि मंत्री से संबंधित वित्तीय और संपत्ति मामलों की जांच कराई जाए तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु उचित कार्रवाई की जाए।

प्रदर्शन में आकाश पंवार, विजयराम शर्मा, दिलबाग सिंह, महिपाल सिंह रावत, राम सिंह तोमर, हाजी असद, अनिल आर्य, सरोज गांधी, मोहम्मद इस्लाम, परवीन, नरेंद्र तोमर, मान चंद्र राणा, यूनुस, जयकृत नेगी, बिल्लू गिल्बर्ट, विक्रम पाल, कुंवर सिंह नेगी, मुकेश पसपोला, सुशील भारद्वाज, विनय गुप्ता, भीम सिंह बिष्ट, अरविंद साहनी, दीपांशु अग्रवाल, अंकुर वर्मा, निशा खातून, गफूर, दीपक अग्रवाल, नाहिद खान, मोहम्मद शफी, नरेश ठाकुर, सायरा बानो, मेहंदी हसन, विनोद जैन, भगत सिंह, सलीम मिर्जा, मनीष नेगी, जाबिर हसन, मनीष भटनागर, भूरा, क्रिस्टीना, सुनील कुमार समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments