Wednesday, April 24, 2024
HomeStatesDelhiदिल्ली के एम्स में भर्ती दुष्कर्म की शिकार 12 वर्षीय मासूम...

दिल्ली के एम्स में भर्ती दुष्कर्म की शिकार 12 वर्षीय मासूम की हालत नाजुक, वेंटिलेटर पर रखा गया

नई दिल्ली, दिल्ली के एम्स में भर्ती दुष्कर्म और हैवानियत की शिकार हुई 12 वर्षीय मासूम बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। बच्ची को गुरुवार रात को अस्पताल के न्यूरो सर्जरी आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। अस्पताल के सूत्रों ने कहा कि उसकी हालत नाजुक है और वह वेंटिलेटर पर है। उसे न्यूरो सर्जरी की आवश्यकता पड़ सकती है, लेकिन उसके प्लेटलेट कम हैं। उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है। उसके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।

केजरीवाल ने कहा- बच्ची के लिए प्रार्थना करें

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने फोन पर बच्ची के माता-पिता और डॉक्टर से बात की है। केजरीवाल ने ट्वीट किया कि यौन उत्पीड़न का शिकार हुई 12 वर्षीय बच्ची के डॉक्टरों और माता-पिता से मैंने फोन पर बात की है। गुरुवार को अस्पताल जाकर मैंने बच्ची का हालचाल लिया था। वह जिंदगी और मौत से जूझ रही है। डॉक्टर उसे बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। कृपया उसके लिए प्रार्थना करें। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली यौन शोषण मामले में पुलिस आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पीड़िता के परिवार के बैंक खाते में 10 लाख का मुआवजा आज ट्रांसफर हो जाएगा।

मंगलवार को कृष्ण नामक एक 33 वर्षीय व्यक्ति ने पश्चिमी दिल्ली स्थित बच्ची के घर में घुसकर उसका यौन उत्पीड़न किया और उसके चेहरे और सिर पर तेज धार वाले हथियार से वार किया।

एम्स के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने गुरुवार को बताया था कि बच्ची का मलाश्य और आंतें बुरी तरह जख्मी थीं। उन्होंने कहा कि शायद कोई चीज उनके अंदर डाली गई थी जिसके कारण बच्ची को तुरंत इलाज की जरूरत थी और उसके यहां आते ही सर्जरी की गई।

चोरी के लिए घर में घुसा था आरोपी

वीभत्स तरीके से किए गए इस अपराध को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बर्बर करार दिया। दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को कृष्ण को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार को चोरी के इरादे से घर में घुसा था। मकान का दरवाजा थोड़ा खुला देखकर वह अंदर चला गया था। वह एक सूटकेस लेकर भाग ही रहा था कि बच्ची ने शोर मचा दिया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने सिलाई मशीन उठाकर बच्ची पर फेंक दी। बच्ची ने फिर भी लड़ना नहीं छोड़ा, इसके बाद आरोपी ने उसके शरीर पर कैंची से कई जगह वार किया और वहां से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वह कृष्ण की कहानी का सत्यापन कर रही है। पश्चिम विहार पुलिस पहले ही इस संबंध में आईपीसी की धारा 307 (हत्या का प्रयास) और पॉक्सो कानून के तहत मामला दर्ज कर चुकी है।

गौरतलब है कि कृष्ण पहले भी ऐसा अपराध कर चुका है और उसमें पीड़ित महिला की मौत हो गई थी। इस बीच दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने एम्स में पीड़िता के माता-पिता से मुलाकात की और फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामले की सुनवाई की मांग की। उन्होंने पीड़िता के माता-पिता को आर्थिक सहायता की पेशकश की और मांग की कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा दी गई 10 लाख रुपये की सहायता राशि को बढ़ाया जाए।

अदालत ने रेप पीड़िता को 2 लाख रुपये मुआवजे की मंजूरी दी

दिल्ली की एक अदालत ने शुक्रवार को यौन उत्पीड़न की शिकार 12 वर्षीय बच्ची को दो लाख रुपये का अंतरिम मुआवजा देने का आदेश दिया है। 33 वर्षीय आरोपी द्वारा यौन उत्पीड़न और शारीरिक प्रताड़ना के बाद दो रात पहले पड़ोसियों को खून से लथपथ मिली 12 साल की बच्ची आंतों और सिर में लगी गंभीर चोटों के कारण अपने जीवन के लिए संघर्ष कर रही है।

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश वृंदा कुमारी ने तीस हजारी अदालत के पश्चिम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के सचिव को निर्देश दिया कि वह नाबालिग लड़की की शारीरिक और मानसिक हालत को ध्यान में रखकर राशि जारी करे जिससे उसके इलाज में मदद मिले। चार अगस्त को बच्ची के साथ यह क्रूरता हुई थी। फिलहाल बच्ची एम्स में अपने जीवन के लिए संघर्ष कर रही है। अदालत ने कहा कि अपराध की गंभीरता और बच्ची की हालत देखते हुए उसके इलाज पर खर्च होने वाले दो लाख रुपये का अंतरिम मुआवजा दिया गया है।

डीएलएसए और दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने अदालत के समक्ष एक आवेदन दिया था जिसमें नाबालिग लड़की के परिवार को उसके इलाज और उचित शैक्षिक विकास के लिए मुआवजे की मांग की गई थी। डीएलएसए के एक सूत्र ने कहा कि यह राशि शुक्रवार को लड़की के बैंक खाते में जमा कर दी गई है। मंगलवार को पश्चिम विहार निवासी इस बच्ची का 33 वर्षीय आरोपी कृष्णा ने न सिर्फ यौन उत्पीड़न किया बल्कि उसके चेहरे और सिर पर तेज धार हथियार से वार भी किया गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments