Thursday, April 25, 2024
HomeTrending Nowउत्तरकाशी : मोरी प्रखंड के हदवाडी गांव में भूस्खलन से तीन मकान...

उत्तरकाशी : मोरी प्रखंड के हदवाडी गांव में भूस्खलन से तीन मकान ध्वस्त, प्रभावितों ने भागकर बचाई जान

उत्तरकाशी, जनपद के मोरी प्रखंड के सुदूरवर्ती हडवाड़ी गांव में भूस्खलन की जद में आने से तीन मकान व एक कुठार ध्वस्त हो गया, जबकि चार मकानों को आंशिक क्षति पहुंची। प्रभावित ग्रामीणों को प्राथमिक स्कूल में शिफ्ट किया गया। राजस्व विभाग की टीम गांव पहुंची। प्रभावित परिवारों ने भाग जान बचाई। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों के रहने की व्यवस्था गांव के प्राथमिक विद्यालय में की है। मौके पर पहुंची राजस्व विभाग की टीम क्षति का आकलन करने में जुटी है। प्रभावितों को राहत सामग्री मुहैया कराई जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार देर शाम को हडवाड़ी गांव में पहाड़ी से भूस्खलन होने पर भारी मलबा मकानों के ऊपर गिर गया, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। भूस्खलन की जद में आए मकानों में रह रहे लोगों ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई।

हादसे में कोई चोटिल नहीं
गनीमत रही हादसे में कोई चोटिल नहीं हुआ। प्रभावित परिवारों ने रात में गांव के अन्य घरों में शरण ली। सूचना मिलते ही गुरुवार सुबह तहसीलदार चमन सिंह के नेतृत्व में राजस्व, पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची।

राजस्व विभाग की टीम द्वारा भूस्खलन में हुई क्षति का आकलन किया जा रहा है। साथ ही प्रभावित परिवारों के रहने की व्यवस्था गांव के बेसिक स्कूल में की गई है। राजस्व विभाग की टीम के अनुसार आपदा में हडियाड़ी निवासी मक्खन सिंह, सुप्रभात, जगवीर के आवासीय मकान व एक कुठार मलबे में दब गए, जबकि सोनदास, दिनेश लाल, विक्रम सिंह एवं चंद्र सिंह के मकानों को आंशिक क्षति पहुंची है।

एसडीएम सोहन सिंह सैनी ने बताया कि प्रभावितों को फिलहाल प्राथमिक विद्यालय भवन में रखा गया है। उन्हें राहत सामग्री मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व की टीम अभी भी गांव में डेरा डाले हुए हैं। जल्द ही क्षति का आकलन कर रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments