Friday, March 29, 2024
HomeStatesUttarakhandउत्तराखण्ड़ : प्रदेश के सभी विभागों में पदोन्नति से सम्बंधित चयन प्रक्रिया...

उत्तराखण्ड़ : प्रदेश के सभी विभागों में पदोन्नति से सम्बंधित चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार का विलम्ब न किया जाय : मुख्यमंत्री

देहरादून, मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने स्पष्ट निर्देश दिये हैं कि प्रदेश के सभी विभागों में पदोन्नति से सम्बन्धित चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार का विलम्ब न किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक सेवा आयोग के स्तर पर आयोजित होने वाली विभागीय चयन समिति की बैठकें निर्धारित समय पर हो विभागाध्यक्षों को यह सुनिश्चित करना होगा। मुख्यमंत्री ने आयोग के स्तर पर एक बार चयन सम्बन्धी तिथि निर्धारण के बाद उसमें तिथि परिवर्तन का अनुरोध करने की परम्परा को रोकने के भी निर्देश दिये हैं।

o लोक सेवा आयोग के स्तर पर आयोजित होने वाली विभागीय चयन समिति की बैठक निर्धारित समय पर हो आयोजित।
o आयोग के स्तर पर एक बार तिथि निर्धारण के पश्चात इसमें नहीं किया जाय बदलाव।
o अनावश्यक रूप से विभागीय पदोन्नति से सम्बन्धित चयन प्रक्रिया में न हो विलम्ब- मुख्यमंत्री।

इस सम्बन्ध में उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग द्वारा मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया था कि लोक सेवा आयोग के स्तर पर सम्पादित किये जाने वाले पदोन्नति से सम्बन्धित चयनों हेतु विभागीय चयन समिति की तिथि निर्धारित होने के पश्चात अन्तिम समय में सम्बन्धित विभागों द्वारा नामित अधिकारी के अन्यत्र व्यस्त होने के कारण कोई अन्य तिथि निर्धारित किये जाने का अनुरोध किया जाता है, जिस कारण अनावश्यक रूप से पदोन्नति से सम्बन्धित चयनों में विलम्ब होता है।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद इस सम्बन्ध में मुख्य सचिव द्वारा शासनादेश जारी किया गया है जिसमें भी स्पष्ट किया गया है कि उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग में विभागीय चयन समिति की तिथि निर्धारित होने के पश्चात सम्बन्धित विभाग के स्तर पर किसी भी दशा में तिथि परिवर्तन का अनुरोध न किया जाय, बल्कि चयन समिति की बैठक में प्रतिभाग किये जाने हेतु अन्य अधिकारियों को नामित किया जाय, जिससे विभागों में लम्बित पदोन्नति आदि की कार्यवाही ससमय सम्पन्न की जा सके।

गैरसैंण में होगी उत्तराखण्ड भाषा संस्थान की स्थापना- मुख्यमंत्री
देहरादून,  मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने उत्तराखण्ड भाषा संस्थान की स्थापना गैरसैंण में किये जाने के निर्देश दिये हैं। इसके लिये भूमि क्रय हेतु 50 लाख की धनराशि भी प्राविधानित की गई है।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र द्वारा गैरसैंण को राज्य की ग्रीष्म कालीन राजधानी बनाये जाने के बाद वहां पर विभिन्न संस्थानों आदि की स्थापना आदि की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गैरसैण में उत्तराखण्ड भाषा संस्थान की स्थापना उसी दिशा में बढ़ाया गया कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गैरसैंण में ग्रीष्म कालीन राजधानी के अनुरूप आवश्यक सुविधाओं के विकास की कार्ययोजना बनायी जा रही है। उत्तराखण्ड के केन्द्र बिंदु गैरसैंण के विकास एवं इसके समीपवर्ती नैसर्गिक स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किये जाने पर ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिये भी विभिन्न योजनायें संचालित की गई हैं।

कुम्भ मेले में नियुक्त होंगे 3250 होमगार्डस, मुख्यमंत्री ने दी स्वीकृति।
देहरादून,मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत द्वारा कुम्भ मेला 2021 हरिद्वार की व्यवस्थाओं की निरन्तर समीक्षा की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कुम्भ मेले में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के दृष्टिगत पुलिस तथा अन्य अनुषांगिक इकाइयों के साथ होमगार्डस की नियुक्ति के प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री द्वारा कुम्भ मेले की सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत 3250 होमगार्डस की नियुक्ति की स्वीकृति प्रदान की है।

प्राविधिक शिक्षा विभाग को नर्सों की भर्ती हेतु मुख्यमंत्री ने दिये निर्देश
देहरादून, मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने प्रदेश में उपचारिकाओं (नर्सों) की शीघ्र आवश्यकता के दृष्टिगत उनकी नियुक्ति की कार्यवाही प्राविधिक शिक्षा विभाग के माध्यम से किये जाने के निर्देश दिये हैं।
मुख्यमंत्री ने इस सम्बन्ध में उत्तराखण्ड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड में उपचारिकाओं (नर्सों) की भर्ती सम्बन्धी प्राविधानों में यथा आवश्यक समयबद्ध रूप से एक बार के लिये संशोधन किये जाने के भी निर्देश दिये हैं, ताकि नर्सों की शीघ्र आवश्यकता के अनुरूप तत्काल प्राविधिक शिक्षा विभाग के स्तर पर भर्ती प्रक्रिया प्रारम्भ की जा सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments