Tuesday, April 23, 2024
HomeNationalअपने सीनियर को गोली मारने वाला जवान 24 घंटे बाद भी गिरफ्त...

अपने सीनियर को गोली मारने वाला जवान 24 घंटे बाद भी गिरफ्त से बाहर

कटनी, जेएनएन। अपने सीनियर को गोली मारकर मौत के घाट उतारने वाले आरोपित जवान को 24 घंटे बाद भी पकड़ा नहीं जा सका है। आरोपित जवान को ढूंढने के लिए जबलपुर से सेना के 60 जवानों को कटनी बुलाया गया है। इसके अलावा जवान को ढूंढने के लिए दिनभर ड्रोन से सर्चिग भी की गई। लोगों की सुरक्षा के लिए ऑर्डिनेंस फैक्ट्री से लगे इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। सेना के जवानों को ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के चारों तरफ बाउंड्री से सौ मीटर की दूरी पर तैनात कर दिया गया है। ताकि आरोपित जवान जवान कूदकर भाग न सके।

पुलिस और फैक्ट्री प्रबंधन ने बताया कि जिस कमरे में आरोपित जवान है, वहां आसपास पुलिस मौजूद है, लेकिन जवान के पास रायफल होने के कारण कोई जोखिम नहीं ले रहा है। पुलिस ने शनिवार रात सर्चिग बंद कर दी थी। इसके बाद जबलपुर सैन्य मुख्यालय को खबर दी गई थी। रविवार सुबह सेना के वरिष्ठ अधिकारी तथा कुछ जवान कटनी पहुंचे हैं। ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के कर्नल दीपांक मोहन ने भी आरोपित जवान हरक सिंह से फोन पर बात की थी। लेकिन जवान ने सरेंडर करने से मना कर दिया।

ड्रोन की मदद से चली सर्चिग

सेना और पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन चलाया। ड्रोन की मदद से जवान दिनभर आरोपित की सर्चिग करते रहे, लेकिन आरोपित जवान कहीं नजर नहीं आया। जवान के पास रायफल होने के कारण सर्चिग टीम संभल-संभलकर सर्चिग करती रही।

यह था मामला

कटनी के उपनगरीय क्षेत्र माधवनगर के आयुध निर्माणी कटनी (OFK) में पदस्थ सेना का जवान हवलदार हरक सिंह (54) निवासी गांव जखानी जिला बागेश्वर उत्तराखंड ने अपने सीनियर जेसीओ अशोक कुमार (45) निवासी गांव लड़वारा थाना बहादुरगढ़ जिला झज्जर हरियाणा को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था। असल में शाम की परेड में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद फैक्ट्री परिसर में ही हरक सिंह ने नायब सूबेदार जेसीओ अशोक कुमार को गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments